Himachal News: “कांग्रेस महिलाओं की असली संरक्षक” कोलकाता में सीएम सुक्खू का भाजपा और TMC पर निशाना

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कोलकाता में कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस ही महिलाओं की सच्ची हितैषी है और सभी वर्गों का सम्मान करती है।
शनिवार को कोलकाता में आयोजित प्रेस वार्ता में सीएम सुक्खू ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र की मंशा पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि लोकसभा का विशेष सत्र बुलाकर बिल पास कराने के पीछे राजनीतिक साजिश थी। विपक्षी दलों ने इसे रोककर साफ कर दिया कि देश में ऐसी राजनीति स्वीकार नहीं होगी।


सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार को सभी दलों से चर्चा करनी चाहिए थी। वर्ष 2023 में जिस विधेयक को मंजूरी मिली, उसी को लागू किया जाना चाहिए था। नए तरीके से इसे पेश करना राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश थी।
उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा को समावेशी बताते हुए कहा कि पार्टी सभी धर्मों और जातियों को साथ लेकर चलती है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के समय पंचायतीराज में महिलाओं को आरक्षण दिया गया था, जो ऐतिहासिक कदम था।

पश्चिम बंगाल सरकार पर भी सीएम सुक्खू ने हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास की गति धीमी हो गई है और भ्रष्टाचार बढ़ा है। जनता के साथ विश्वासघात हुआ है।
उन्होंने कहा कि राज्य में सिंडिकेट सिस्टम हावी है। कांग्रेस सरकार बनने पर विकास को तेज किया जाएगा और पारदर्शिता लाई जाएगी।
सीएम सुक्खू ने बताया कि 20 साल बाद कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की सभी 294 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। ये उम्मीदवार इंसानियत और विकास की सोच का प्रतिनिधित्व करते हैं।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के साथ भेदभाव किया गया है। राज्य को कोई नया प्रोजेक्ट नहीं दिया गया, जबकि मौजूदा प्रोजेक्ट कांग्रेस शासन के समय शुरू हुए थे।
मनरेगा को लेकर भी उन्होंने केंद्र को घेरा। कहा कि इसकी मूल भावना को कमजोर किया गया है, जिससे रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश का जिक्र करते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपनी गारंटियां पूरी की हैं। राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार ने वित्तीय अनुशासन नहीं रखा। अंतिम महीनों में बड़े पैमाने पर खर्च कर आर्थिक स्थिति को नुकसान पहुंचाया गया।
सीएम सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश के विकास में बाधा डाल रही है। कई योजनाओं को रोका जा रहा है, जिससे विकास प्रभावित हो रहा है।

