हिमाचल पुलिस भर्ती: होमगार्ड जवानों को बड़ी राहत, उम्र में 5 साल की छूट

हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती की तैयारी कर रहे होमगार्ड जवानों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश सरकार के गृह विभाग के फैसले के बाद हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने होमगार्ड जवानों को ऊपरी आयु सीमा में एकमुश्त पांच साल की छूट देने का फैसला किया है।
आयोग ने इस संबंध में संशोधित सूचना जारी कर दी है। आयु सीमा में छूट मिलने के बाद अधिक पात्र युवाओं को भर्ती में मौका देने के लिए आवेदन की अंतिम तारीख भी बढ़ा दी गई है।
अब इच्छुक अभ्यर्थी 5 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद आयोग का आवेदन पोर्टल बंद हो जाएगा।


आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। डाक या किसी अन्य ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए सफलतापूर्वक आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है। नई छूट का लाभ केवल उन होमगार्ड जवानों को मिलेगा, जो पांच साल की अतिरिक्त आयु सीमा के कारण अब भर्ती के लिए पात्र हुए हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को नया पंजीकरण कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

होमगार्ड जवान लंबे समय से पुलिस भर्ती में आयु सीमा में छूट की मांग कर रहे थे। सरकार के इस फैसले से उन जवानों को राहत मिली है, जो उम्र सीमा के कारण भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पा रहे थे। अब उन्हें पुलिस कांस्टेबल बनने का एक और अवसर मिल सकेगा।

