हिमाचल में आगजनी से बड़ा नुकसान! लकड़ी का मकान जलकर राख, एक गाय-बछड़ी की मौ**त: 1 करोड़ से ज्यादा का नुकसान

रिकांगपिओ: किन्नौर जिले की ग्राम पंचायत सापनी के कनई गांव में गुरुवार देर शाम एक दोमंजिला लकड़ी के मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मकान के 10 कमरे जलकर राख हो गए।
आग की इस घटना में घर के अंदर रखा सामान, नकदी, फसल और अन्य जरूरी चीजें भी जल गईं। सबसे दुखद बात यह रही कि मकान के साथ मौजूद पशुओं में एक गाय और एक बछड़ी की भी आग में मौत हो गई। करीब 15 सेब के पौधों को भी नुकसान पहुंचा है।
मकान लकड़ी से बना होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें देखकर कनई, सापनी और बटूरी गांव के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। साथ ही अग्निशमन विभाग सांगला को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही सांगला, रिकांगपिओ और जेएसडब्ल्यू की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को पास के नए मकान तक पहुंचने से भी रोक लिया गया।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार अग्निकांड में एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही सांगला के तहसीलदार हरदयाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत के तौर पर 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और तिरपाल उपलब्ध करवाए गए हैं। राजस्व विभाग की टीम अब नुकसान का विस्तृत आकलन कर रही है, जिसके आधार पर परिवार को आगे उचित राहत दी जाएगी।

