Paonta Sahib: कोटड़ी व्यास के तीन खिलाड़ियों का राज्यस्तर पर चयन, मंडी में चमकेगा सिरमौर का नाम

कोटड़ी व्यास: सिरमौर के ग्रामीण क्षेत्र कोटड़ी व्यास के तीन युवा हैंडबॉल खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और शानदार खेल प्रतिभा के दम पर जिले का नाम रोशन किया है। शहीद कमलकांत स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास के अंश, आर्यन और शिवाश का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत होने वाली राज्यस्तरीय अंडर-14 हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए सिरमौर की टीम में हुआ है।
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक मंडी में किया जाएगा। प्रतियोगिता में तीनों खिलाड़ी सिरमौर का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
चयनित खिलाड़ियों में अंश पुत्र हेमराज निवासी कोटड़ी, आर्यन पुत्र हेमराज निवासी निचली कोटड़ी और शिवाश पुत्र सोमनाथ निवासी उपली कोटड़ी शामिल हैं। तीनों खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया था। उनके खेल कौशल और प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें राज्य टीम के लिए चुना।

राज्य प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए नाहन स्थित कोविड मॉडल स्कूल में 5 से 8 अक्टूबर तक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान खिलाड़ियों को हैंडबॉल की तकनीक, रणनीति और खेल से जुड़ी महत्वपूर्ण बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद तीनों खिलाड़ी मंडी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) में होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सिरमौर की टीम के साथ मैदान में उतरेंगे।

खिलाड़ियों के चयन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी और स्कूल स्टाफ ने खुशी जताई। विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों तथा कोच को बधाई दी।
युवा स्पोर्ट्स क्लब व्यास, पंचायत प्रतिनिधियों, बीडी सदस्य राजेश चौधरी और क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने भी तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के कोच धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के इन खिलाड़ियों का राज्य स्तर तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों खिलाड़ी मंडी में भी शानदार प्रदर्शन कर सिरमौर का नाम रोशन करेंगे।

