Paonta Sahib: 28 सितंबर के कार्यक्रम को लेकर भाजयुमो तैयार, जयराम ठाकुर के स्वागत में निकलेगी भव्य बाइक रैली

पांवटा साहिब। 28 सितंबर को रामलीला मैदान पांवटा साहिब में होने वाले जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में भाजयुमो विधानसभा पांवटा साहिब की बैठक मंडल अध्यक्ष संयम गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चरणजीत सिंह चौधरी, नितिन शर्मा और भाजपा मंडल महामंत्री तरनजीत सिंह गिल भी मौजूद रहे।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गईं। कार्यक्रम 28 सितंबर को सुबह 11 बजे रामलीला मैदान में आयोजित होगा। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर और भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता सहित कई नेता व जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
बातापुल से निकलेगी बाइक रैली


भाजयुमो ने जयराम ठाकुर के स्वागत के लिए बातापुल चौक पर युवाओं की बड़ी मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। इसके बाद बातापुल से बाइक रैली और रोड शो निकाला जाएगा। रैली SAS चौक भूपपुर, बद्रीपुर चौक, Y-प्वाइंट और मुख्य बाजार से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी।
युवा मोर्चा शहर के प्रमुख चौकों और कार्यक्रम स्थल को पार्टी के झंडों से सजाने की भी तैयारी कर रहा है।

रोजगार के मुद्दे पर प्रदर्शन
बैठक में युवाओं से जुड़े रोजगार के मुद्दे को भी उठाने का फैसला लिया गया। भाजयुमो पदाधिकारियों ने कहा कि रोजगार को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शन किया जाएगा।
सड़कों की समस्या पर प्रशासन को ज्ञापन
बैठक के बाद भाजयुमो पदाधिकारियों ने पांवटा साहिब में खराब सड़कों की समस्या को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सड़कों की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की। पदाधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी यह मुद्दा प्रशासन के सामने उठाया गया था और बरसात के बाद सड़कों को ठीक करने का आश्वासन मिला था।
बैठक में हितेंद्र कुमार, दीपांशु राणा, पवन पटियाल, अविनाश झाबा, सुनील चौधरी, हर्ष चौधरी, हेमराज चौधरी, रजत कुमार, देव कुमार, रोहित कुमार, सोमनाथ सिंह, गुलशन ग्रोवर, अमन खापड़ा और साहिल धवन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


