पांवटा साहिब: भगाणी में 10वें ओपन वॉलीबॉल कप का समापन, यमुनानगर ने जीता खिताब

पांवटा साहिब के भगाणी क्षेत्र में नवयुवक मंडल एकता की जंग की ओर से आयोजित 10वें ओपन वॉलीबॉल कप का देर शाम समापन हो गया। समापन समारोह में भगाणी के उपप्रधान जमील अहमद और ठेकेदार एवं समाजसेवी हनीश खान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। क्लब सदस्यों ने दोनों अतिथियों का फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नवयुवक मंडल की ओर से नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम सराहनीय है। उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना आसान नहीं होता, लेकिन क्लब लगातार युवाओं को खेलों से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों और युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। खेल गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभा सकती हैं।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला यमुनानगर हरियाणा और सालवाला की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबले में यमुनानगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सालवाला को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
विजेता यमुनानगर टीम को 21 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता सालवाला टीम को 11 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

इस ओपन वॉलीबॉल कप में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा से करीब 25 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर क्लब सदस्यों ने खिलाड़ियों, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया।

