पांवटा साहिब में 458 घंटे बिजली गुल! कटौती से परेशान जनता, भाजपा ने SDM को सौंपा ज्ञापन

पांवटा साहिब में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। बिजली की अनियमित आपूर्ति से आम जनता के साथ किसान, दुकानदार और उद्योग भी प्रभावित हो रहे हैं।
इसी समस्या को लेकर भाजपा ने सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए विधानसभा में सवाल उठाया था। विधानसभा में मिले विभागीय जवाब में बिजली आपूर्ति बाधित रहने के आंकड़े सामने आए हैं।
विभागीय जवाब के अनुसार पांवटा साहिब क्षेत्र में कुल 458 घंटे 22 मिनट तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। भाजपा ने इस आंकड़े को क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की गंभीर स्थिति बताते हुए सरकार और बिजली विभाग से जल्द सुधार की मांग की है।


इसी मुद्दे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एसडीएम पांवटा साहिब को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने बिजली कटौती पर विरोध जताते हुए लोगों को नियमित और पर्याप्त बिजली उपलब्ध करवाने की मांग की।
भाजपा नेताओं का कहना है कि लंबे समय तक बिजली बंद रहने से सबसे ज्यादा परेशानी किसानों और छोटे दुकानदारों को उठानी पड़ रही है। वहीं उद्योगों के कामकाज पर भी इसका असर पड़ रहा है। घरों में भी लोगों को रोजमर्रा के काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

भाजपा ने मांग की है कि बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारणों की समीक्षा कर व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पांवटा साहिब की जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को हो रही परेशानी का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है और इस मामले में सरकार का ध्यान लगातार आकर्षित किया जाता रहेगा।

