पांवटा साहिब में आज से सजेगा यमुना शरद महोत्सव, 25 अक्टूबर को पंजाबी सिंगर Ninja देंगे खास प्रस्तुति
पांवटा साहिब: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में 23 से 25 अक्टूबर तक यमुना शरद महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस महोत्सव में खेल, संस्कृति, संगीत, धार्मिक कार्यक्रमों और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी कई गतिविधियां होंगी। आयोजन का उद्देश्य लोगों को मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश देना और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देना है।
पहले दिन नशे के खिलाफ रैली और कवि सम्मेलन
महोत्सव के पहले दिन 23 अक्टूबर को सुबह 9 बजे नशे के खिलाफ रैली निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे विशेषज्ञों की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा। सुबह 11:30 बजे ‘तस्वीर’ नामक नाटक का मंचन किया जाएगा। शाम 6 बजे यमुना घाट पर भजन कार्यक्रम होगा, जबकि रात 8 बजे कवि सम्मेलन में कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से लोगों को संदेश देंगे।

24 अक्टूबर को मैराथन और कृष्ण लीला
दूसरे दिन 24 अक्टूबर को सुबह 6:30 बजे मैराथन का आयोजन होगा। इसके बाद प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताओं का फाइनल होगा। शाम 6 बजे यमुना घाट पर भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इसके बाद संवाद थिएटर ग्रुप की ओर से कृष्ण लीला प्रस्तुत की जाएगी।

25 अक्टूबर को योग, महिला सम्मेलन और Ninja की प्रस्तुति
महोत्सव के अंतिम दिन सुबह 6:30 बजे योग कार्यक्रम होगा। सुबह 11 बजे महिला नेतृत्व सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिलाओं की भागीदारी और सशक्तीकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
शाम 6 बजे भजन संध्या, 6:30 बजे यमुना घाट पर महाआरती और शाम 7:30 बजे हिमाचली लोकगीतों तथा पंजाबी संगीत से सजी सांस्कृतिक संध्या होगी। इस दौरान पंजाबी गायक Ninja की विशेष प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी।
दिनभर चलेंगी विशेष गतिविधियां
तीनों दिनों में खेल गतिविधियों, यज्ञ, दीपोत्सव, यमुना आरती, पशु जन्म नियंत्रण और दीवारों पर चित्रकारी जैसी गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।
महोत्सव समिति की अध्यक्ष एवं सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा और सचिव एवं पांवटा साहिब के एसडीएम द्विज गोयल के नेतृत्व में इस आयोजन को लेकर तैयारियां की गई हैं।



