सिरमौर के शिलाई में दर्दनाक सड़क हादसा, पिता-पुत्र की मौ**त, 10 वर्षीय बेटी सुरक्षित मिली
शिलाई (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में एक सड़क हादसे में पिता और उनके 8 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि उनकी 10 वर्षीय बेटी सुरक्षित बच गई। हादसा गांव कांडो-भटनोल के पास हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे पुलिस थाना शिलाई को सूचना मिली कि कांडो-भटनोल के पास एक ब्रेजा कार (HP85-0365) दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान कार में सवार सोहन सिंह (40) पुत्र हीरा सिंह निवासी गांव कमोटा, तहसील शिलाई और उनके 8 वर्षीय बेटे शिवांशु ठाकुर की मौत होने की पुष्टि हुई। वहीं, कार में मौजूद उनकी 10 वर्षीय बेटी अन्वी ठाकुर हादसे के बाद मौके पर नहीं मिली।

इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रातभर बच्ची की तलाश की। काफी प्रयासों के बाद बच्ची घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर सुरक्षित हालत में मिल गई। उसे हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल शिलाई और पांवटा साहिब भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। मामले में थाना शिलाई में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


