पांवटा साहिब: कोटड़ी व्यास के खिलाड़ियों में भरा जोश! पवन चौधरी ने राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता के लिए दी शुभकामनाएं
कोटड़ी व्यास (सिरमौर): जिला सिरमौर के शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास में राष्ट्रीय अंडर-17 रग्बी प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे खिलाड़ियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान समाजसेवी एवं खेल प्रेमी पवन चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में पवन चौधरी ने कहा कि खेल के मैदान में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास बहुत जरूरी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे जोश और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। साथ ही उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपने विद्यालय, क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
खिलाड़ियों के लिए पवन चौधरी का सहयोग सराहनीय

विद्यालय के खेल प्रशिक्षक धर्मेंद्र चौधरी ने पवन चौधरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पवन चौधरी हमेशा युवाओं और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग करते रहे हैं। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए उनका समारोह में पहुंचना सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।
धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि कोटड़ी व्यास पवन चौधरी का ननिहाल है। इसी वजह से क्षेत्र के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि खेलों में आगे बढ़ने के लिए खिलाड़ियों को समाज के लोगों का सहयोग मिलना जरूरी है।

एसएमसी अध्यक्ष ने भी बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मान सिंह ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश टीम के कोच धर्मेंद्र चौधरी, चीफ डी मिशन चंद्र मोहन शर्मा, मैनेजर कृष्णा चौधरी और सहायक कोच विजय कुमारी, ज्योति कुमारी व कांता देवी मौजूद रहे।
छोटे विद्यालय की बड़ी उपलब्धि पर जताया गर्व
कार्यक्रम के दौरान पवन चौधरी ने कहा कि छोटे से विद्यालय में राष्ट्रीय स्तर के रग्बी कैंप का आयोजन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विद्यालय की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत से अलग पहचान बनाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगे भी अपनी प्रतिभा के दम पर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।



