पांवटा साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह डिग्री कॉलेज में भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता की पहल, पोस्टर और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
पांवटा साहिब: श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो नाहन के सहयोग से ‘सतर्कता से समृद्धि’ विषय पर दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 30 और 31 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिकता और भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के पहले दिन 30 अक्टूबर को पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें महाविद्यालय के करीब 20 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से ईमानदार समाज, नैतिक जिम्मेदारी और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की पलक चौहान ने पहला स्थान हासिल किया। बीए प्रथम वर्ष के निखिल ठाकुर दूसरे और बीए द्वितीय वर्ष की संजना शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं।

वहीं, 31 अक्टूबर को ‘सतर्कता से समृद्धि’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने भ्रष्टाचार उन्मूलन, सुशासन, ईमानदारी और नागरिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।
भाषण प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की नेहा शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीकॉम तृतीय वर्ष की अलीशा दूसरे और बीए द्वितीय वर्ष की नजमा तीसरे स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता में लेफ्टिनेंट डॉ. पूजा भाटी और प्रो. कांता चौहान ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन प्रो. कल्याण राणा, प्रो. नीलम और प्रो. नंदिनी कंवर ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डीएस तोमर ने विजेता विद्यार्थियों और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि समाज को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए युवाओं में ईमानदारी, नैतिकता और कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में पारदर्शिता और अच्छे मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
दो दिवसीय इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।



