पांवटा साहिब में गूंजा खेलों का जोश, खेल मंत्री गोमा बोले- बड़े स्तर पर होगा ‘खेलो हिमाचल’ आयोजन

पांवटा साहिब, 13 सितंबर। पांवटा साहिब में आयोजित तीन दिवसीय साहिबजादा बाबा अजीत सिंह 34वीं राज्य युवा बास्केटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। समापन समारोह में युवा सेवा एवं खेल, आयुष तथा विधि मंत्री यादवेंद्र गोमा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
खेल मंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार खेल सुविधाओं को मजबूत करने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में जल्द ही ‘खेलो इंडिया’ की तर्ज पर बड़े स्तर पर ‘खेलो हिमाचल’ आयोजन किए जाएंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।
गोमा ने बताया कि प्रदेश के 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल और एक स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स में 368 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। इन खिलाड़ियों को रहने, भोजन और प्रशिक्षण सहित जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भी ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है।


सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी और यात्रा सुविधाओं में भी बदलाव किया है। प्रदेश के बाहर होने वाली प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को निर्धारित दैनिक डाइट राशि के साथ यात्रा में भी सुविधाएं दी जा रही हैं।
मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने पांवटा साहिब ग्राउंड में फ्लड लाइट लगाने के लिए 5 लाख रुपये और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की।

प्रतियोगिता में हिमाचल के विभिन्न जिलों की 26 टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें 14 छात्र और 12 छात्राओं की टीमें शामिल रहीं। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान गुरुनानक मिशन पब्लिक स्कूल और खालसा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से मंत्री व अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और योग प्रस्तुति भी दी। अंत में खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अवनीत सिंह लांबा, निदेशक खाद्य आपूर्ति नसीमा बेगम, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष हरप्रीत सिंह रत्न, व्यापार मंडल अध्यक्ष अनिंदर सिंह नौंटी, स्कूल निदेशक गुरजीत सैनी, प्रधानाचार्य गुरविंदर चावला, खालसा स्पोर्ट्स क्लब अध्यक्ष परमजीत सिंह बंगा सहित विभिन्न जिलों के बास्केटबॉल पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

