Paonta Sahib: बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान, समाजसेवी प्रदीप चौहान ने 16 विद्यार्थियों को बांटी फुटबॉल किट और जूते

डोबरी सालवाला स्कूल के विद्यार्थियों में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए समाजसेवी एवं मजदूर नेता प्रदीप चौहान ने सराहनीय पहल की। उन्होंने स्कूल के 16 विद्यार्थियों को फुटबॉल की किट वितरित की। इसके साथ ही बच्चों को फुटबॉल खेलने के लिए जरूरी जूते भी दिए गए।
खेल सामग्री मिलने के बाद विद्यार्थियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान साफ नजर आई। विद्यार्थियों ने इस सहयोग के लिए प्रदीप चौहान का आभार जताया और कहा कि नई खेल सामग्री से उन्हें अभ्यास करने में मदद मिलेगी।
प्रदीप चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कई बच्चे खेलों में आगे बढ़ने की क्षमता रखते हैं, लेकिन संसाधनों की कमी उनके रास्ते में बाधा बन जाती है। ऐसे बच्चों को अगर समय पर सुविधाएं और प्रोत्साहन मिले तो वे जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं।


उन्होंने कहा कि सिरगुल महाराज की कृपा से उन्हें बच्चों के लिए इस तरह के कार्य करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने सिरगुल महाराज से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा हमेशा बनी रहे और उन्हें भविष्य में भी समाज और जरूरतमंद बच्चों की मदद करने की शक्ति मिलती रहे।
प्रदीप चौहान ने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ खेलों पर भी ध्यान देना जरूरी है। खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को भी जरूरतमंद और प्रतिभाशाली बच्चों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।

इस अवसर पर उन्होंने स्कूल प्रबंधन और एसएमसी प्रधान सुरेश चौहान का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और समाज के लोगों को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।
गौरतलब है कि प्रदीप चौहान समय-समय पर जरूरतमंद बच्चों की सहायता करते रहे हैं। शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में भी उनका सहयोग जारी है।


