पांवटा साहिब में स्वाइन फ्लू की दस्तक, चार मरीज मिले पॉजिटिव: आइसोलेशन वार्ड में शुरू हुआ इलाज…..

पांवटा साहिब: सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में स्वाइन फ्लू के चार मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में चिंता बढ़ गई है। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने चारों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। सभी मरीजों का उपचार डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पिछले चार दिनों में अलग-अलग क्षेत्रों से चार लोग बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतों के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे थे। मरीजों में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकों ने सावधानी के तौर पर उनके सैंपल जांच के लिए भेजे।
जांच रिपोर्ट आने के बाद चारों मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत सभी मरीजों को सामान्य वार्ड से अलग कर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया। इसका उद्देश्य संक्रमण को दूसरे मरीजों और लोगों तक फैलने से रोकना है।


अस्पताल में मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल परिसर में संक्रमण से बचाव के लिए मास्क और अन्य सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के प्रभारी एवी राघव ने बताया कि चार लोगों में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण पाए गए थे। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी को अलग वार्ड में शिफ्ट कर उपचार शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल चारों मरीजों की हालत स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर लापरवाही न बरतें और समय पर डॉक्टर से जांच करवाएं।

