सिरमौर नहीं आएंगे CM सुक्खू, डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री संभालेंगे कार्यक्रमों की कमान

सिरमौर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का 23 सितंबर को प्रस्तावित सिरमौर दौरा रद्द हो गया है। मुख्यमंत्री के स्थान पर अब उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सिरमौर पहुंचेंगे और निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। हालांकि, देर शाम तक उपमुख्यमंत्री के दौरे का विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ था।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री श्री रेणुका जी क्षेत्र के माईना बाग में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वह पूर्व विधायक स्वर्गीय डॉ. प्रेम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के तहत माईना बाग में स्वर्गीय डॉ. प्रेम सिंह की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया जाना था। इसके अलावा क्षेत्र में कई विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण भी प्रस्तावित थे।


अब इन कार्यक्रमों में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। उनके दौरे के दौरान चाड़ना घाटी-लोधिया सड़क, ददाहू-बिरला सड़क, नौहराधार नए बस स्टैंड और तहसील कार्यालय भवन से जुड़े विकास कार्यों पर भी चर्चा और कार्यक्रम होने की संभावना है।
इसके अलावा नौहराधार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा नौहराधार-चूड़धार सड़क मार्ग के लोकार्पण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था। क्षेत्र की विभिन्न पेयजल योजनाओं के उद्घाटन की भी योजना थी।

मुख्यमंत्री का दौरा रद्द होने के बाद इन कार्यक्रमों में क्या बदलाव किए गए हैं, इसे लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से संशोधित कार्यक्रम जारी होने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
सिरमौर में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां की गई थीं, ऐसे में अब उपमुख्यमंत्री के प्रवास पर सभी की नजरें रहेंगी।


