Sirmour: शिलाई की बेटी ‘खूंटा’ लेकर पहुंची कान्स तक, अब 15 सितंबर को पांवटा साहिब आई अभिनेत्री अनुशी शर्मा

पांवटा साहिब: सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र की संस्कृति और पहाड़ी जीवन की कहानी अब बड़े पर्दे के जरिए देशभर तक पहुंचने जा रही है। शिलाई क्षेत्र से जुड़ी युवा फिल्मकार अनुशी शर्मा की फिल्म ‘खूंटा’ 18 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की लेखिका, निर्देशक और अभिनेत्री अनुशी शर्मा 15 सितंबर को पांवटा साहिब पहुंचेंगी।
फिल्म ‘खूंटा’ की कहानी सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के एक गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें महासू महाराज के प्रति लोगों की आस्था, पहाड़ी परंपराओं, प्रकृति और ग्रामीण जीवन को कहानी का हिस्सा बनाया गया है। फिल्म बदलते समय के बीच पहाड़ी समाज और उसकी पुरानी परंपराओं के सामने खड़ी चुनौतियों को भी दिखाती है।
फिल्म का नाम ‘खूंटा’ अपनी जमीन और जड़ों से जुड़े रहने का प्रतीक माना गया है। कहानी एक ऐसी महिला के जीवन पर केंद्रित है, जिसका पति लापता है और वह लंबे समय से उसके लौटने की उम्मीद लगाए बैठी है। इसी कहानी के माध्यम से पहाड़ की संस्कृति, नदी, प्रकृति, देव परंपराओं और बदलते सामाजिक परिवेश को सामने लाने का प्रयास किया गया है।


फिल्म में सिरमौर के गिरिपार के अलावा उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और देव संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।
कान्स में भी मिली पहचान

‘खूंटा’ का मई 2026 में कान्स फिल्म मार्केट में प्रदर्शन हुआ था, जहां फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। इसके अलावा फिल्म ने लंदन इंडिपेंडेंट फिल्म अवार्ड्स में सर्वश्रेष्ठ विदेशी फीचर फिल्म का सम्मान हासिल किया। कोलकाता में आयोजित इंडियन मूवी अवार्ड्स में भी इसे बेस्ट इंडियन फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला है।
अब 18 सितंबर को फिल्म की देशभर में रिलीज को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता है।

