द स्कॉलर्स होम स्कूल पहुंचे कर्नल जे.एस. चौहान, एनसीसी कैडेट्स को दिया देशसेवा और नशामुक्ति का संदेश

पांवटा साहिब: द स्कॉलर्स होम स्कूल के परिसर में 8 सितंबर को 1 एचपी बटालियन एनसीसी, नाहन के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल जे. एस. चौहान ने आधिकारिक दौरा किया। उनके साथ जेसीओ जय करण भी मौजूद रहे। इस दौरान स्कूल के 50 एनसीसी कैडेट्स ने उनसे प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्राप्त किया।
स्कूल पहुंचने पर कमान अधिकारी का स्वागत स्कूल प्रबंधन की ओर से किया गया। स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. एन.पी.एस. नारंग, निदेशक श्रीमती गुरमीत कौर नारंग, प्रधानाचार्य अभिषेक शर्मा और एनसीसी ऑफिसर सुधीर कुमार ने उनका अभिनंदन किया।
दौरे के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल जे. एस. चौहान ने एनसीसी ऑफिसर कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कैडेट्स की वर्दी, अनुशासन और टर्नआउट का भी जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने कैडेट्स से संवाद किया और सेना से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।


अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) और भारतीय सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सैनिक जीवन में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और देशसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही कैडेट्स को अपने व्यक्तित्व में सकारात्मक गुण विकसित करने का संदेश दिया।
लेफ्टिनेंट कर्नल चौहान ने युवाओं को नशे के बढ़ते खतरे के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कैडेट्स से नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘नशा मुक्त भारत’ के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नरेंद्र पाल सिंह नारंग ने लेफ्टिनेंट कर्नल जे. एस. चौहान और जेसीओ जय करण का इस प्रेरणादायक सत्र के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने में मदद करते हैं।


