हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड का बड़ा एक्शन: ओपन स्कूल परीक्षा में 27 नकलची पकड़े, चंबा में सबसे ज्यादा मामले

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से राज्य मुक्त विद्यालय यानी ओपन स्कूल की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा में नकल रोकने के लिए बोर्ड ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रदेश के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर जांच के दौरान अब तक 27 परीक्षार्थी अनुचित साधनों का इस्तेमाल करते हुए पकड़े गए हैं।
बोर्ड की निगरानी व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से भी लगातार नजर रखी जा रही है। इसके अलावा फ्लाइंग स्क्वायड की टीमें भी परीक्षा केंद्रों का अचानक निरीक्षण कर रही हैं। इसी निगरानी के दौरान कई परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए।
बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा 11 मामले चंबा जिले से सामने आए हैं। इसके बाद कांगड़ा में 5 और सिरमौर में 4 परीक्षार्थियों पर नकल का मामला दर्ज किया गया है। मंडी में 3, ऊना में 2, जबकि कुल्लू और शिमला में एक-एक परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़ा गया है।

बोर्ड प्रशासन का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए निगरानी लगातार जारी रहेगी। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी व्यवस्था और निरीक्षण टीमों के माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि परीक्षाओं की विश्वसनीयता और गरिमा बनाए रखना बोर्ड की प्राथमिकता है। किसी भी परीक्षार्थी को नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे परीक्षा में किसी भी तरह के अनुचित साधन का इस्तेमाल न करें। मेहनत और ईमानदारी के साथ परीक्षा देकर ही सफलता हासिल करने का प्रयास करें।
