5 अक्टूबर को सीएम सुक्खू कैबिनेट में बड़े फैसलों की उम्मीद, कर्मचारियों के DA और नौकरियों पर लग सकती है मुहर

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 5 अक्टूबर को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। त्योहारी सीजन के बीच होने वाली इस बैठक में कर्मचारियों और पेंशनरों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सबसे ज्यादा नजर महंगाई भत्ते (DA) की अगली किस्त को लेकर संभावित फैसले पर रहेगी।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में मंडी दौरे के दौरान कर्मचारियों को दीपावली अच्छी तरह मनाने की बात कही थी। इसके बाद माना जा रहा है कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत देने के लिए DA पर निर्णय ले सकती है। हालांकि, अंतिम फैसला मंत्रिमंडल की बैठक में ही होगा।
इसके अलावा सरकार त्योहारी सीजन में आम लोगों और पशुपालकों को भी राहत दे सकती है। बैठक में दूध के समर्थन मूल्य के साथ-साथ मंडी मध्यस्थता योजना (MIS) के तहत खरीदे जाने वाले सेब और नींबू प्रजाति के फलों के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर चर्चा संभव है।

बैठक में खनन से जुड़े मामलों पर भी विचार हो सकता है। मानसून के बाद नदियों में ड्रेजिंग के काम को व्यवस्थित करने के लिए नए विभाग के गठन और ड्रेजिंग पॉलिसी तैयार करने का विषय चर्चा में आ सकता है। इससे नदियों की सफाई के साथ खनन से मिलने वाले राजस्व को बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा सकता है।
सरकार का फोकस खाली पदों को भरने पर भी है। दिसंबर 2026 तक 50 हजार रोजगार देने के लक्ष्य के तहत शिक्षा समेत विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। मंत्रिमंडल बजट घोषणाओं, उपसमितियों की सिफारिशों और अलग-अलग विभागों से आए प्रस्तावों पर भी फैसला ले सकता है।

बैठक में टीसीपी विभाग से जुड़े प्रस्तावों पर भी मंजूरी मिलने की संभावना है। हालांकि, सभी मुद्दों पर अंतिम निर्णय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा।