जयपुर में महाराजा पदमनाभ सिंह से मिले GNMPS के छात्र, शाही मुलाकात ने बनाया राजस्थान दौरा यादगार

जयपुर/पांवटा साहिब: गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल (GNMPS), पांवटा साहिब के विद्यार्थियों और स्कूल प्रबंधन के राजस्थान शैक्षणिक भ्रमण के दौरान जयपुर में एक खास अवसर सामने आया। स्कूल की टीम ने जयपुर राजघराने के महाराजा सवाई पदमनाभ सिंह से विशेष मुलाकात की। इस मुलाकात को स्कूल प्रबंधन ने ‘ए रॉयल एनकाउंटर इन जयपुर’ नाम दिया।
यह मुलाकात राजमाता पद्मिनी जी के जन्मदिवस के अवसर पर हुई। इस दौरान विद्यार्थियों और स्कूल प्रबंधन के सदस्यों को महाराजा सवाई पदमनाभ सिंह से बातचीत करने और उन्हें शुभकामनाएं देने का अवसर मिला। छात्रों ने इस दौरान राजस्थान की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझने का अनुभव प्राप्त किया।


स्कूल के डायरेक्टर गुरजीत सिंह सैनी ने महाराजा सवाई पदमनाभ सिंह का पारंपरिक तरीके से सम्मान किया। उन्हें सरोपा और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने भी महाराजा के साथ समय बिताया और राजस्थान के राजघराने से जुड़ी परंपराओं व इतिहास के बारे में जानकारी हासिल की।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबों से बाहर निकलकर देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक स्थलों और स्थापत्य कला को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर देना था।

स्कूल प्रबंधन ने कहा कि ऐसी यात्राएं विद्यार्थियों के ज्ञान को व्यापक बनाने के साथ-साथ उन्हें भारत की विविध संस्कृति और इतिहास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। राजस्थान यात्रा के दौरान मिली यह विशेष मुलाकात छात्रों के लिए यादगार अनुभव बन गई। स्कूल परिवार ने इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण अनुभव बताया।

