ITI Paonta Sahib Admission 2026: बिना प्रवेश परीक्षा का मौका! 14 अगस्त तक ऐसे लें स्पॉट एडमिशन…

पांवटा साहिब: अगर आप सरकारी आईटीआई में दाखिला लेना चाहते हैं और अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। सरकारी आईटीआई पांवटा साहिब सहित हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए खाली सीटों पर स्पॉट एडमिशन शुरू किए जा रहे हैं। यह प्रक्रिया 8 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक चलेगी।
तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अनुसार, स्पॉट राउंड के माध्यम से NCVT और SCVT ट्रेडों की रिक्त सीटों पर योग्य अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। जिन छात्रों ने पहले आवेदन नहीं किया है या अन्य राज्यों से प्रवेश लेना चाहते हैं, वे भी इस प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, नए और अन्य राज्यों के अभ्यर्थी 8 से 10 अगस्त तक ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर शुल्क जमा कर सकते हैं। इसके बाद उम्मीदवारों को आवेदन पत्र डाउनलोड कर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ 11 अगस्त सुबह 11 बजे तक संबंधित आईटीआई संस्थान में जमा करना होगा।


दस्तावेज जमा होने के बाद संस्थान स्तर पर 11 अगस्त को मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसके आधार पर 12, 13 और 14 अगस्त को स्पॉट काउंसलिंग आयोजित होगी। काउंसलिंग में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण-पत्र, उनकी फोटोकॉपी और एक वैध फोटो पहचान पत्र के साथ स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा।
यदि किसी अभ्यर्थी को काउंसलिंग के दौरान सीट आवंटित होती है, तो उसे उसी समय निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। निर्धारित समय पर शुल्क जमा नहीं करने पर सीट रद्द कर दी जाएगी और वह अगले पात्र अभ्यर्थी को दे दी जाएगी।

आईटीआई प्रशासन ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे तय समय सीमा के भीतर पंजीकरण, आवेदन और दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि प्रवेश का अवसर हाथ से न निकल जाए। समय पर सभी औपचारिकताएं पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को ही स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।


