कारगिल के वीर सपूत को नमन: डोईयांवाला में शहीद कुलविंदर सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

डोईयांवाला में कारगिल युद्ध के वीर शहीद कुलविंदर सिंह की स्मृति में रविवार सुबह एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब एवं शिलाई क्षेत्र के प्रतिनिधियों, शहीद के परिजनों, ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सभा की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और शहीद कुलविंदर सिंह अमर रहें के नारों से वातावरण गूंज उठा।
वक्ताओं ने शहीद कुलविंदर सिंह के जीवन और उनकी वीरता को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। बताया गया कि वे भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स में सेवाएं दे रहे थे और कारगिल संघर्ष के दौरान दुश्मनों का सामना करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। उनका साहस और देशभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और देश सेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर संगठन की ओर से शहीद परिवार को सम्मानित किया गया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी स्मारक स्थल के विकास के लिए सहयोग की घोषणा की। जिला परिषद सदस्य भगवान दास ने स्मारक परिसर में निर्माणाधीन टिन शेड के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की, जिसके लिए शहीद परिवार, ग्रामवासियों और पूर्व सैनिक संगठन ने उनका आभार व्यक्त किया।

श्रद्धांजलि सभा में शहीद के माता-पिता, पत्नी, पुत्र, परिवार के अन्य सदस्य, पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि देश के लिए शहीद कुलविंदर सिंह का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।

