पांवटा साहिब : निर्धारित समय से पहले शहर में घुसा ट्राला, युवक ने लगाया कुचलने की कोशिश का आरोप

पांवटा साहिब: पांवटा साहिब में यातायात नियमों के उल्लंघन और एक युवक को कथित रूप से जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस थाना पांवटा साहिब में लिखित शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, देवीनगर निवासी संयम गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 13 जून की रात करीब 9:58 बजे विश्वकर्मा चौक के पास मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान एक ट्राला निर्धारित नो-एंट्री समय से पहले शहर के भीतर प्रवेश कर गया। स्थानीय नियमों के अनुसार भारी वाहनों को रात 10 बजे के बाद ही इस मार्ग पर आने की अनुमति होती है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब वाहन चालक को समय से पहले प्रवेश करने पर रोका गया तो उसने वाहन की रफ्तार कम करने के बजाय आगे बढ़ा दिया। युवक ने आरोप लगाया है कि चालक ने लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए उसे कुचलने का प्रयास किया। हालांकि वह बाल-बाल बच गया।


घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का कहना है कि नो-एंट्री नियम लागू होने के बावजूद कई बार भारी वाहन तय समय से पहले शहर में प्रवेश कर जाते हैं। इससे सड़क पर चलने वाले लोगों और दुकानदारों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से नियमों का सख्ती से पालन करवाने की मांग की है।
शिकायत में संबंधित ट्राला का नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और वाहन मालिक व चालक की पहचान की जा रही है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित चालक के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रशासन ने भी लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।


