नाहन में बच्चों ने सीखी अभिनय की बारीकियां, अब शॉर्ट फिल्म में दिखेगा हुनर

नाहन : उम्मीद फाउंडेशन और स्टेपको सोसायटी के सहयोग से नाहन में आयोजित तीन दिवसीय अभिनय कार्यशाला का रविवार को समापन हो गया। कार्यशाला का आयोजन 7 से 9 अगस्त तक वॉरटाइम कॉम्बैट सिस्टम मार्शल आर्ट्स एकेडमी में किया गया।
कार्यशाला में उम्मीद फाउंडेशन की बाल-केंद्रित पहल पैंथर्स क्लब के 14 बच्चों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक बच्चों को अभिनय से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मंच पर प्रस्तुति देने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिला।
प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को संवाद बोलने, आवाज में उतार-चढ़ाव, बॉडी लैंग्वेज, भाव-भंगिमा, मंच पर प्रस्तुति और आत्मविश्वास बढ़ाने जैसी तकनीकों की जानकारी दी गई। कार्यशाला का संचालन अभिनेता और अभिनय प्रशिक्षक अनीश सैनी ने किया।


समापन समारोह में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उम्मीद फाउंडेशन की ट्रस्टी मोमिना ने अभिनय प्रशिक्षक अनीश सैनी को संस्था और बच्चों की ओर से स्मृति-चिह्न भेंट किया।
अनीश सैनी ने कहा कि कला और अभिनय जैसी गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में मददगार होती हैं। इनके जरिए बच्चों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल और रचनात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने बच्चों को अपनी प्रतिभा पर लगातार काम करने के लिए प्रेरित किया।

उम्मीद फाउंडेशन के निदेशक जावेद उल्फ़त ने कहा कि बच्चों की कार्यशाला में भागीदारी और उत्साह काफी अच्छा रहा। संस्था भविष्य में भी बच्चों और युवाओं के लिए कला, संस्कृति, शिक्षा, खेल और व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
उन्होंने बताया कि पैंथर्स क्लब के बच्चों के लिए जल्द ही एक शॉर्ट फिल्म तैयार करने की योजना पर काम शुरू किया जाएगा। इसमें बच्चों को कहानी, अभिनय, कैमरा, निर्देशन और फिल्म निर्माण की बुनियादी जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यशाला के समापन पर बच्चों ने भविष्य में भी थिएटर, अभिनय और फिल्म से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेने की इच्छा जताई।


