पांवटा साहिब: भाजपा की बैठक में संगठन मजबूत करने पर जोर, हिमांशु कश्यप बने नए सोशल मीडिया प्रभारी

पांवटा साहिब: भारतीय जनता पार्टी मंडल पांवटा साहिब की विशेष बैठक सोमवार को PWD रेस्ट हाउस में मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार धवन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में हिमाचल प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा के महामंत्री सुभाष चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में मंडल के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों ने भी भाग लिया। इस दौरान पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।


मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार धवन ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। इसलिए प्रत्येक बूथ पर संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में भाजपा मंडल पांवटा साहिब के संगठनात्मक विस्तार के तहत नई नियुक्ति की भी घोषणा की गई। विधायक सुखराम चौधरी से चर्चा और सहमति के बाद मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार धवन ने हिमांशु कश्यप को भाजपा मंडल पांवटा साहिब का नया सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया।

हितेंद्र कुमार धवन ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया पार्टी की नीतियों, विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हिमांशु कश्यप इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे और पार्टी के डिजिटल संवाद को और मजबूत करेंगे।
बैठक के अंत में पार्टी पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों ने हिमांशु कश्यप को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।
बैठक में राम प्रसाद, जिला ओबीसी मोर्चा के महामंत्री रमेश चौधरी सहित मंडल के अन्य पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष मौजूद रहे।


