Paonta Sahib: भंगानी में 4 अक्टूबर को होगा दसवां ओपन वॉलीबॉल कप, विजेता को मिलेंगे 21 हजार

Paonta Sahib: खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों के लिए भंगानी से अच्छी खबर सामने आई है। नवयुवक मंडल “एकता की जंग” भगानी की ओर से इस वर्ष भी ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन 4 अक्टूबर 2026 को डे-नाइट फॉर्मेट में किया जाएगा।
क्लब के सचिव रफीक अहमद और संयोजक मोहब्बत अली ने बताया कि यह क्लब की ओर से आयोजित किया जा रहा लगातार दसवां ओपन वॉलीबॉल कप है। प्रतियोगिता में किसी भी राज्य की वॉलीबॉल टीम हिस्सा ले सकती है, जिससे मुकाबलों में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग और भंगानी पंचायत प्रधान पृथ्वी चंद द्वारा किया जाएगा। वहीं प्रतियोगिता के समापन समारोह में समाजसेवी हनीश खान और भंगानी पंचायत उपप्रधान जमील अहमद मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता की विजेता टीम को 21 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। वहीं उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
नवयुवक मंडल का कहना है कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। इसी उद्देश्य के साथ क्लब हर वर्ष “नशा भगाओ, खेल बढ़ाओ” संदेश को आगे बढ़ाते हुए वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन करता है।

आयोजकों ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।


