Paonta Sahib: माजरा के हिल व्यू स्कूल में बैग-फ्री डे बना जागरूकता और प्रतिभा का मंच

माजरा: हिल व्यू पब्लिक स्कूल, माजरा में बैग-फ्री डे उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम को NALSA जागृति योजना 2025 के तहत सितंबर माह में चल रहे “न्याय साक्षरता—जन, जीवन और समृद्धि के लिए” अभियान से जोड़ा गया। इस दौरान विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कानूनी जागरूकता और अधिकारों पर आकर्षक पेंटिंग्स बनाईं। इसके अलावा नशामुक्ति विषय पर डिक्लेमेशन के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
बैग-फ्री डे के दौरान विद्यार्थियों के लिए कई मनोरंजक और खेल गतिविधियां भी करवाई गईं। बच्चों ने एरोबिक्स, नृत्य, गिट्टे, रस्सी कूद, क्रिकेट, हॉकी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और खो-खो में उत्साह से भाग लिया। इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन, सहयोग और खेल भावना को बढ़ावा मिला।

कार्यक्रम में कक्षा 3 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए मॉक टेस्ट भी आयोजित किया गया। कक्षा 9वीं-10वीं वर्ग में जिया ने पहला, अनिकेत ने दूसरा और विराट ने तीसरा स्थान हासिल किया। कक्षा 6वीं-8वीं वर्ग में भव्या प्रथम, प्रियांजल द्वितीय तथा मयंक और असद संयुक्त रूप से तृतीय रहे। कक्षा 3वीं-5वीं वर्ग में अंशिका प्रथम, अलीना द्वितीय और मीरा तृतीय स्थान पर रहीं।
विद्यालय की निदेशक पूनम गोयल, अकादमिक निदेशक अजय शर्मा, प्रधानाचार्या आशु शर्मा और समन्वयक नीतू सिंह ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में रकीबा मैम, शुभाना मैम और स्कूल स्टाफ का सहयोग रहा।


