Paonta Sahib: शहीद भगत सिंह जयंती पर मरीजों को फल बांटने पहुंचे गुरदीप गैरी, लंगर सेवा को सुबह-शाम चलाने की तैयारी

पांवटा साहिब: शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर श्री पांवटा साहिब वेलफेयर सोसायटी की ओर से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोसायटी के प्रमुख सदस्य और समाजसेवी गुरदीप सिंह गैरी की अगुवाई में अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को फल बांटे गए।
इस दौरान सोसायटी से जुड़े सदस्यों और अन्य समाजसेवियों ने मरीजों का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। कार्यक्रम के दौरान शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
मीडिया से बातचीत में गुरदीप सिंह गैरी ने कहा कि भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उनकी जयंती पर जरूरतमंद लोगों की सेवा करना उनके विचारों को याद करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की मदद के लिए सभी को आगे आना चाहिए।

गुरदीप सिंह गैरी ने बताया कि पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में शुरू की गई लंगर सेवा से मरीजों और उनके परिजनों को काफी मदद मिल रही है। खासकर दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और बुजुर्गों को अस्पताल में भोजन की सुविधा मिलने से राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सोसायटी अब लंगर सेवा को और विस्तार देने की तैयारी कर रही है। आने वाले समय में सुबह और शाम दोनों समय भोजन उपलब्ध करवाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इस पहल के लिए आईजीएमसी शिमला और पीजीआई चंडीगढ़ में चल रही लंगर सेवाओं से भी प्रेरणा ली जा रही है।

कार्यक्रम में मौजूद समाजसेवियों ने जरूरतमंदों की सहायता और सेवा कार्यों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।

