Paonta Sahib में 23 अक्टूबर से सजेगा यमुना शरद् महोत्सव, कलाकारों की प्रस्तुतियों से लेकर खेल प्रतियोगिताएं रहेंगी खास

पांवटा साहिब में इस वर्ष राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव का आयोजन 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। महोत्सव को भव्य और पारंपरिक तरीके से आयोजित करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी को लेकर उपमंडलाधिकारी कार्यालय के सभागार में एसडीएम द्विज गोयल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महोत्सव की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा स्थानीय लोगों के साथ चर्चा की गई। आयोजन को बेहतर तरीके से पूरा करने के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं और अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
एसडीएम द्विज गोयल ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में प्रदेश और देश के जाने-माने कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। महोत्सव के दौरान सरकारी विभागों की ओर से विकास कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।

महोत्सव में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाएं अपने तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री कर सकेंगी। इससे उन्हें अपने उत्पाद लोगों तक पहुंचाने और उनकी बिक्री बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
बैठक में यह भी बताया गया कि यमुना शरद् महोत्सव-2026 के अवसर पर एक स्मारिका प्रकाशित की जाएगी। इसमें महोत्सव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी के साथ पांवटा साहिब की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय विशेषताओं को शामिल किया जाएगा।

एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों से महोत्सव की तैयारियों में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाया जा सकेगा।
बैठक में नगर परिषद चेयरपर्सन निर्मल कौर, उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मीक्का, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता सूर्यकांत सेमवाल, तहसीलदार मस्त राम शर्मा, ईओ कंचन बाला, सीडीपीओ संतोष गुप्ता, उद्योग विभाग के ईआई काका राम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


