खौफनाक वारदात! हिमाचल में बड़े भाई और भाभी पर छोटे भाई की ह**त्या का आरोप, श**व झील में फेंकने का खुलासा

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से हत्या का एक गंभीर मामला सामने आया है। झंडूता तहसील के समलेटू गांव में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बड़े भाई और भाभी को हिरासत में लिया है। आरोप है कि दोनों ने विवाद के बाद छोटे भाई पर पत्थर से हमला किया और उसकी मौत के बाद शव को झील में फेंक दिया।
मृतक की पहचान समलेटू निवासी मदन लाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मदन लाल के दूसरे भाई रोशन लाल ने पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, 11 सितंबर की रात मदन लाल का अपने बड़े भाई बिशन दास और भाभी रानो देवी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों आरोपियों ने मदन लाल के सिर पर कथित तौर पर भारी पत्थर से वार किया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


इसके बाद पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध जानकारी के आधार पर बिशन दास और रानो देवी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान कथित तौर पर घटना से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि हमले के बाद मदन लाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद शव को झील में फेंक दिया गया।

पुलिस अब शव को बरामद करने और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है। मामले में हत्या के कारण और विवाद की पूरी वजह भी पता की जा रही है। बिलासपुर पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

