विनय गुप्ता के निधन से भाजपा परिवार में शोक, निष्ठा और सादगी की मिसाल को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि….

नाहन। वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता विनय गुप्ता के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन पर भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं और परिचितों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
विनय गुप्ता को ऐसे सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में याद किया जा रहा है, जिन्होंने अपने व्यवहार और कार्यशैली से लोगों के बीच अलग पहचान बनाई। उनके साथ जुड़े लोगों के अनुसार, वे हर व्यक्ति से सम्मान और अपनापन के साथ मिलते थे। खासकर छोटे से छोटे कार्यकर्ता के प्रति भी उनका व्यवहार हमेशा सम्मानजनक रहा।
बताया जाता है कि वर्ष 1993 में उन्होंने नाहन में भारतीय जनता पार्टी के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर राजनीतिक सफर शुरू किया। उस समय उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था। उनके चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भी नाहन पहुंचे थे। हालांकि चुनावी परिस्थितियां समय के साथ बदलती रहीं, लेकिन विनय गुप्ता की संगठन के प्रति निष्ठा बनी रही।


विनय गुप्ता ने लंबे समय तक पार्टी के लिए काम किया। उनके करीबी लोगों का कहना है कि उन्होंने संगठन में रहते हुए किसी पद या व्यक्तिगत लाभ को प्राथमिकता नहीं दी। उनके लिए पार्टी और कार्यकर्ताओं के साथ जुड़ाव ही सबसे महत्वपूर्ण रहा।
उनके निधन के बाद लोग उनकी सादगी, मधुर व्यवहार, सहयोग की भावना और कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान को याद कर रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि विनय गुप्ता जैसे समर्पित कार्यकर्ता किसी भी संगठन की मजबूत नींव होते हैं।

उनके निधन से परिवार, परिचितों और भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा शोक है। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
विनय गुप्ता को विनम्र एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि। ॐ शांति।

