पांवटा साहिब में देशभक्ति के रंग में रंगा द प्लेनेट ग्रुप, विद्यार्थियों को मिले पुरस्कार

पांवटा साहिब: द प्लेनेट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान हुआ और विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिरमौर के उद्योगपति एवं समाजसेवी मदन मोहन शर्मा रहे। उन्होंने तिरंगा फहराकर समारोह की शुरुआत की। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, गिद्धा और हिमाचली नाटी सहित कई प्रस्तुतियां दीं।
समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया।


असिस्टेंट मैनेजर हर्ष कुमार ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, कौशल विकास, रोजगार के नए अवसरों और उद्यमिता से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को लगातार सीखने और अपने कौशल को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि मदन मोहन शर्मा ने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

संस्थान के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों और स्टाफ को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संस्थान की भविष्य की योजनाओं और रोजगारपरक प्रशिक्षण की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के अंत में स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। समारोह में द प्लेनेट एजुकेशन सोसायटी के सचिव मामराज शर्मा, शाखा प्रबंधक शिशु पाल चौहान सहित स्टाफ और विद्यार्थियों समेत 100 से अधिक लोग मौजूद रहे।


