पांवटा साहिब में रोटरी क्लब की नई टीम ने संभाली कमान, समाज सेवा के लिए 5 बड़े मिशन का किया ऐलान

पांवटा साहिब, 19 जुलाई। रोटरी क्लब पांवटा साहिब का अधिष्ठापन समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के डीजीई रोटेरियन मोहिंदर पाल गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ उमा गुप्ता, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी अनिल सैनी, असिस्टेंट गवर्नर कविता गर्ग और पीडीजी अरुण शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह में निवर्तमान टीम के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। इसके बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष यशपाल धीमान ने नई कार्यकारिणी के साथ पदभार संभाला। उन्होंने कहा कि क्लब का लक्ष्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि ऐसे स्थायी सामाजिक कार्य करना है जिनका लाभ लंबे समय तक लोगों को मिलता रहे। इसी सोच के साथ “हर जन, हर मन — रोटरी” का संकल्प लिया गया।
नई टीम ने वर्षभर के लिए पांच प्रमुख सेवा क्षेत्रों की घोषणा की। इनमें पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त पांवटा साहिब अभियान, टीबी मरीजों के लिए पोषण सहायता, विशेषज्ञ डॉक्टरों के स्वास्थ्य शिविर, नेत्र जांच और एचपीवी टीकाकरण, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए मूल्य आधारित शिक्षा तथा युवाओं के कौशल विकास कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा यमुना नदी संरक्षण और जल संरक्षण को लेकर भी विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई गई है।


समारोह के दौरान अध्यक्ष यशपाल धीमान ने अपनी नई कार्यकारिणी का परिचय कराया और सभी पदाधिकारियों को समाज सेवा के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में रोटरैक्ट, इनरव्हील, रोटरी सखी क्लब और अन्य सामाजिक संगठनों से भी जनहित के कार्यों में सहयोग की अपील की गई।
मुख्य अतिथियों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि क्लब आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन कंवलजीत सिंह चड्ढा की अध्यक्षता तथा शांति स्वरूप गुप्ता के सह-अध्यक्षत्व में गुरमीत कौर नारंग और महेश खुराना ने किया।



