रेड अलर्ट का बड़ा असर: सिरमौर में दो दिन 20 और 21 जुलाई को बंद रहेंगे सभी स्कूल और कॉलेज

लगातार भारी बारिश की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन सिरमौर ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान, तकनीकी संस्थान तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को 20 और 21 जुलाई के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
मौसम विभाग द्वारा जिले में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की आशंका जताई गई है। इसी को देखते हुए जिला दंडाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने विद्यार्थियों और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।
आदेश के अनुसार, इन दो दिनों के दौरान शिक्षण संस्थानों में नियमित कक्षाएं नहीं लगेंगी। शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी उपस्थिति से छूट रहेगी। हालांकि, आवश्यकता पड़ने पर संस्थान प्रमुख सीमित प्रशासनिक स्टाफ को जरूरी कार्यों के लिए बुला सकते हैं।


यदि किसी स्कूल, कॉलेज या अन्य शैक्षणिक संस्थान में 20 या 21 जुलाई को परीक्षा निर्धारित है, तो उसे स्थगित किया जाएगा। नई परीक्षा तिथि संबंधित संस्थान बाद में अलग से घोषित करेगा।
जिला प्रशासन ने पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवा, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC) भी 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों, खड्डों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास जाने से परहेज करें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित विभाग या जिला प्रशासन को दें।
प्रशासन का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मौसम की स्थिति के अनुसार आगे भी आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे।

