पांवटा साहिब में अंडर-14 खेलों का आगाज, 26 स्कूलों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

पांवटा साहिब: शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत ब्लॉक स्तरीय अंडर-14 बालक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्लोबल अकादमी पब्लिक स्कूल, पांवटा साहिब में हुआ। प्रतियोगिता में ब्लॉक के 26 विद्यालयों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी एवं कांग्रेस कमेटी सिरमौर के सचिव मनीष तोमर ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेलों को पढ़ाई के साथ जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और टीम के साथ काम करने की भावना विकसित करते हैं।



उद्घाटन कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने खेल भावना और निष्पक्ष प्रतियोगिता की शपथ भी ली। खिलाड़ियों ने ईमानदारी के साथ खेल नियमों का पालन करने और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि मनीष तोमर ने खिलाड़ियों और आयोजन समिति के उत्साहवर्धन के लिए 21 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। आयोजन समिति ने इसके लिए उनका आभार जताया।

कार्यक्रम की मेजबानी ग्लोबल अकादमी पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. विश्वजीत बंसल ने की। स्कूल की प्रधानाचार्या वंदना बंसल ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में गर्ल्स स्कूल के प्रधानाचार्य एवं बीपीओ एम. आर. वर्मा, जिला पीईटी यूनियन के अध्यक्ष माया राम, खेल प्रभारी, निर्णायक मंडल के सदस्य, शारीरिक शिक्षा शिक्षक और विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक मौजूद रहे।

प्रतियोगिता बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अनुशासन, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा सीखने का अवसर देगी। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, शिक्षकों, निर्णायकों और सहयोगियों का स्वागत किया।


