यमुना पार्क में रोटरी क्लब की पहल, मियावाकी जंगल और प्लास्टिक बॉटल कलेक्टर से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पांवटा साहिब: यमुना पार्क में रविवार सुबह रोटरी क्लब की ओर से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सदस्यों के साथ स्थानीय नागरिकों और मॉर्निंग जॉगर्स क्लब के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह की वॉक से हुई। इसके बाद पार्क में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से मियावाकी जंगल परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस दौरान सहजन (मोरिंगा) के पौधे लगाए गए। साथ ही मॉर्निंग जॉगर्स क्लब के सदस्यों को भी मोरिंगा के पौधे वितरित किए गए।
आयोजकों ने बताया कि मियावाकी पद्धति के माध्यम से कम जगह में अधिक पौधे लगाकर हरित क्षेत्र विकसित किया जा सकता है। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों को पौधरोपण के प्रति जागरूक करना भी है।


कार्यक्रम के दौरान यमुना पार्क में प्लास्टिक बॉटल कलेक्टर का भी उद्घाटन किया गया। इसका उद्देश्य पार्क में इधर-उधर फेंकी जाने वाली प्लास्टिक की बोतलों को एकत्र करना और उन्हें रीसाइक्लिंग के लिए भेजना है। रोटरी क्लब की इस पहल से लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक के सही निपटान के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
इसके बाद पर्यावरण और स्वच्छता से जुड़े विषयों पर जागरूकता संबोधन हुआ। वक्ताओं ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने, प्लास्टिक का कम इस्तेमाल करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने हेल्दी फेलोशिप ब्रेकफास्ट में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन अरविंदर सिंह मरवाह, रोटरी अध्यक्ष रोटेरियन यश पाल धीमान सहित बोर्ड टीम का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में अरुण शर्मा, शांति स्वरूप गुप्ता, राकेश रहल, पूर्व प्रधान अंशुल गोयल, राहुल गर्ग, नरेंद्र पाल सिंह नारंग, गुरमीत कौर नारंग, डॉ. प्रवेश सबलोक, रक्षित अग्रवाल, प्रशांत आर्य, कविता गर्ग, राकेश गर्ग, कुलवंत सिंह चड्ढा, गुरप्रीत सिंह, सोमेश वर्मा और अभय शर्मा सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
रोटरी क्लब ने कहा कि समाज और पर्यावरण के हित में सेवा कार्यों को आगे भी जारी रखा जाएगा। क्लब की यह पहल ‘Service Above Self’ यानी स्वयं से पहले सेवा की भावना को दर्शाती है।


