संगड़ाह सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, महिला शिक्षिका व बेटी सहित 4 की मौ*त

सिरमौर के संगड़ाह उपमंडल में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। खराब सड़क हालत एक बार फिर हादसे की वजह बनी।
शनिवार को पियूलाणी-भलोना मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही चार लोगों की जान चली गई। एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।
मृतकों में भलोना स्कूल की सीएचटी अमरा देवी, उनकी बेटी और एक अन्य युवती शामिल हैं। सभी लोग ड्यूटी के लिए स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।


घटना में अमरा देवी का बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम सुनील कायथ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। जगह-जगह गड्ढे और धंसे हुए हिस्से हादसों को न्योता दे रहे हैं।
पियूलाणी-भलोना और संगड़ाह-गत्ताधार मार्ग पर चलना जोखिम भरा हो चुका है। बरसात से पहले ही हालात और बिगड़ गए हैं।
ग्रामीणों ने कई बार सड़क मरम्मत की मांग उठाई। बावजूद इसके कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
राजगढ़ के डीएसपी वीसी नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
उधर, एसडीएम सुनील कायथ ने घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रखरखाव पर सवाल खड़े कर गया है।


