हिमाचल में बिजली बिल अपडेट के नाम पर रिटायर्ड बैंक कर्मी से 8.17 लाख की साइबर ठगी, फोन कॉल ने खाली कर दिया खाता

कांगड़ा जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। ठगों ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मी को निशाना बनाया और उनके खाते से 8.17 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
जानकारी के अनुसार थाना आना क्षेत्र के ठण्डोल निवासी सुरेन्द्र मोहन शर्मा साइबर ठगी का शिकार हुए हैं। सुरेन्द्र मोहन शर्मा पंजाब नेशनल बैंक से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें शाम करीब छह बजे एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया।
फोन करने वाले ने खुद को दिल्ली बिजली कार्यालय का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि उनका बिजली बिल अपडेट नहीं हो रहा है और समस्या को ठीक करने के लिए कुछ निर्देशों का पालन करना होगा। बातचीत के दौरान आरोपी ने उन्हें मोबाइल पर कुछ बटन दबाने के लिए कहा।


शिकायतकर्ता ने भरोसा कर बताए गए निर्देशों का पालन किया। इसके कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि उनके बैंक खाते से 8 लाख 17 हजार 672 रुपये की राशि निकल चुकी है। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उनके होश उड़ गए।
पीड़ित ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कॉल कहां से की गई और रकम किस खाते में ट्रांसफर हुई।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई बटन न दबाएं और न ही बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा करें। किसी भी संदिग्ध कॉल की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। ऐसे में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।

