4 साल में भी पांवटा नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री! भाजपा युवा मोर्चा ने उठाए बड़े सवाल

भारतीय जनता युवा मोर्चा पांवटा साहिब ने मुख्यमंत्री के पांवटा साहिब दौरे को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। मोर्चा के पांवटा अध्यक्ष संयम गुप्ता और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चरणजीत चौधरी ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल को लगभग चार वर्ष होने वाले हैं, लेकिन अब तक उन्होंने पांवटा साहिब का औपचारिक दौरा नहीं किया।
उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब सिरमौर ही नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश का एक प्रमुख औद्योगिक और सीमावर्ती विधानसभा क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में लोग उद्योगों में कार्यरत हैं और प्रदेश के राजस्व में भी इस क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री का यहां न आना चिंता का विषय है।
भाजपा युवा मोर्चा नेताओं ने हाल ही में कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई प्रेस वार्ता का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि कांग्रेस विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात कुछ और ही तस्वीर पेश करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की कई सड़कें बदहाल हैं, बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती है और कई विकास कार्य अब भी अधूरे पड़े हैं।


उन्होंने कहा कि केवल प्रेस वार्ता कर विकास के दावे करने से जनता की समस्याएं समाप्त नहीं होतीं। जनप्रतिनिधियों को लोगों के बीच जाकर उनकी परेशानियों को सरकार तक पहुंचाना चाहिए, ताकि उनका समाधान हो सके।
भाजपा युवा मोर्चा ने पांवटा कांग्रेस के सभी नेताओं से आग्रह किया कि यदि उनकी मुख्यमंत्री तक सीधी पहुंच है, तो वे जल्द से जल्द मुख्यमंत्री का पांवटा साहिब दौरा सुनिश्चित करवाएं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री स्वयं क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्याओं को देखें और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करें।

मोर्चा नेताओं ने यह भी दावा किया कि पूर्व भाजपा सरकारों के दौरान मुख्यमंत्री के दौरे पर क्षेत्र को कई विकास परियोजनाएं और संस्थान मिले थे। वहीं वर्तमान सरकार के कार्यकाल में न केवल कोई बड़ा दौरा नहीं हुआ, बल्कि पहले से स्वीकृत कुछ कार्यालयों और संस्थानों को भी बंद करने के फैसले लिए गए।
अंत में भाजपा युवा मोर्चा ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि पांवटा साहिब की जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री से बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के जल्द पांवटा साहिब आने और क्षेत्र के विकास को नई गति देने की मांग की।

