देवभूमि में वारदात: पिस्तौल दिखाकर महिला से लूटीं सोने की बालियां, मदद के बहाने पहुंचा था बाइक सवार

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के चिंतपूर्णी क्षेत्र में सोमवार शाम एक महिला से पिस्तौल के बल पर सोने की बालियां लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पहले मददगार बनकर दंपती के पास पहुंचा, लेकिन कुछ ही देर बाद हथियार दिखाकर वारदात को अंजाम देकर बाइक पर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित दंपती सोमवार को इलाज के सिलसिले में होशियारपुर गए थे। वहां से लौटने के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे वे बस से उतरकर अपने घर की ओर पैदल जा रहे थे। रास्ते में पति की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां आने लगीं। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा और दोनों को घर छोड़ने की बात कही।
महिला ने युवक की मदद लेने से इनकार कर दिया और कहा कि वे खुद अपने घर चले जाएंगे। आरोप है कि इसके बाद युवक का व्यवहार अचानक बदल गया। उसने पिस्तौल निकालकर महिला को धमकाया, धक्का दिया और उसके कानों में पहनी सोने की बालियां छीन लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से बाइक पर फरार हो गया।


पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी की बोली स्थानीय नहीं लग रही थी। उन्होंने बताया कि उनके पास करीब 50 हजार रुपये नकद भी थे, लेकिन आरोपी ने केवल सोने की बालियां ही छीनीं। इससे पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले से किसी विशेष मकसद से वारदात करने आया था या नहीं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। चिंतपूर्णी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित दंपती के बयान दर्ज किए और आसपास के इलाके की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पास के एक पेट्रोल पंप के कैमरे में एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया है। अब पुलिस उसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश जारी है। पुलिस ने भरोसा जताया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
