चंबा मेडिकल कॉलेज में डेढ़ साल की बच्ची की मौ**त, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप! जांच के आदेश

चंबा: मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा में रविवार को इलाज के दौरान डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ पर समय पर उपचार नहीं देने का आरोप लगाया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा हुआ।
चुराह क्षेत्र के सेईकोठी पंचायत के नरवाड़ गांव निवासी कुलदीप सिंह अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी कृतिका को लेकर शाम करीब चार बजे मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार बच्ची की छाती में तकलीफ थी और उसमें खून की कमी के लक्षण दिखाई दे रहे थे।
पिता का आरोप है कि बच्ची को करीब डेढ़ घंटे बाद शाम 5:30 बजे अस्पताल में भर्ती किया गया। इसके बाद उन्हें एक्स-रे करवाने के लिए भेजा गया, लेकिन वहां स्वास्थ्य कर्मी उपलब्ध नहीं था। बाद में कुछ अन्य जांचों के लिए उन्हें निजी लैब जाना पड़ा।


परिजनों के मुताबिक जांच करवाकर लौटने के बाद बच्ची को भाप देने और इंजेक्शन लगाने की बात कही गई। परिवार का आरोप है कि बच्ची की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन काफी समय तक कोई वरिष्ठ डॉक्टर उसे देखने नहीं पहुंचा।
परिजनों का दावा है कि बच्ची की हालत गंभीर होने के बाद एक डॉक्टर वहां पहुंचे। उपचार के कुछ ही समय बाद बच्ची बेहोश हो गई और उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद बच्ची के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। बच्ची की मां ने भी अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।
मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. प्रदीप ने कहा कि परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। मामले की जांच के लिए विशेष कमेटी गठित की जाएगी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


