हिमाचल में पुलिस नाका देखते ही मचा हड़कंप, बचने के लिए युवक ने निगला चिट्टा… इलाज के दौरान मौत, तीन गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए अपने पास मौजूद चिट्टा निगल लिया था। उसकी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामले की जांच जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल-एक्स टीम को सूचना मिली थी कि हरियाणा की ओर से एक कार में मादक पदार्थ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बरोटीवाला टोल बैरियर के पास नाका लगाया गया। कुछ देर बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची तो पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भाग निकला।
भागने के दौरान कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। हादसे के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। इसी दौरान चालक ने कथित तौर पर पुलिस से बचने के लिए अपने पास रखा चिट्टा निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर पुलिस उसे तुरंत सिविल अस्पताल बद्दी लेकर पहुंची, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


मृतक की पहचान विक्रम ठाकुर उर्फ विक्की निवासी नालागढ़ क्षेत्र के रूप में हुई है। वहीं, कार में मौजूद तीन अन्य युवकों को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह निवासी बरोटीवाला, गौरव कुमार और आशीष मेहता निवासी बग्गूवाला के रूप में हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। कार की तलाशी लेने पर करीब 9.02 ग्राम हेरोइन, चार पुड़ियां, इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने की मशीन, एक खंजर, कई मोबाइल फोन तथा नशा पैक करने और सेवन में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया।

पुलिस ने बरोटीवाला थाना में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही पुलिस मृतक की मौत के कारणों की पुष्टि के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


