Himachal Pradesh: बेटे के जन्मदिन से पहले उजड़ गया परिवार! लेंटर से गिरने से पिता की दर्दनाक मौ*त, गांव में पसरा मातम

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह क्षेत्र से एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। बेटे के जन्मदिन की खुशियां मनाने की तैयारी कर रहा एक परिवार कुछ ही घंटों में गहरे सदमे में डूब गया। घर के लेंटर से गिरने के कारण 38 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा चुराह क्षेत्र के शालूई गांव के टिकरीगढ़ में हुआ। मृतक की पहचान 38 वर्षीय जान मोहम्मद, पुत्र रमजान, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शनिवार को अपने घर में कुछ काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह लेंटर से नीचे गिर पड़े।
गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी। परिजन और आसपास के लोग तुरंत उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार दोपहर बाद धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया।


सबसे दर्दनाक बात यह रही कि रविवार को उनके बेटे जाहिद खान का जन्मदिन था। परिवार ने जन्मदिन की सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं। घर में खुशियों का माहौल था और बच्चे अपने पिता के साथ जन्मदिन मनाने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन एक पल में सब कुछ बदल गया और जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं।
जान मोहम्मद अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के सामने अब भावनात्मक दुख के साथ-साथ भविष्य की बड़ी जिम्मेदारियां भी खड़ी हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे तथा परिवार की जिम्मेदारियों को पूरी लगन से निभाते थे।

इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

