JOB ALERT : शिलाई में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के 6 पद खाली, 24 अक्टूबर तक करें आवेदन

पांवटा साहिब, 5 अक्टूबर। बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय शिलाई की ओर से आंगनबाड़ी सह-प्री स्कूल केंद्रों में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के 6 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इन पदों के लिए पात्र महिला उम्मीदवार, चाहे विवाहित हों या अविवाहित, 24 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकती हैं।
आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी, शिलाई के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस के दौरान जमा करवाना होगा। विभाग के अनुसार, ये पद पोहटा मानल पंचायत के मुन्नई बेलाड़ी, भंगाटा और जुईनल, बकरास पंचायत के बम्बराड़, बेला पंचायत के बशवा और कांडो भटनोल पंचायत के भटनोल आंगनबाड़ी केंद्रों में भरे जाएंगे।
आवेदन के लिए मुख्य पात्रता:

– उम्मीदवार संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के फीडर एरिया की स्थायी निवासी महिला होनी चाहिए।
– आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी जरूरी है।
– शैक्षणिक योग्यता कम से कम 12वीं पास निर्धारित की गई है।
– परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
– आय प्रमाण-पत्र तहसीलदार, नायब तहसीलदार या कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी होना चाहिए।
3 नवंबर को होगा साक्षात्कार

इन पदों के लिए साक्षात्कार 3 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे उपमंडलाधिकारी (ना.) शिलाई के कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आरक्षित श्रेणी और अन्य निर्धारित पात्रताओं के आधार पर अधिकतम 25 अंक दिए जाएंगे।
आवेदन के साथ शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, फीडर एरिया का निवास प्रमाण-पत्र और जरूरत के अनुसार अनुसूचित जाति/जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगता, अनुभव सहित अन्य संबंधित प्रमाण-पत्रों की सत्यापित प्रतियां लगानी होंगी।
भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए महिला उम्मीदवार बाल विकास परियोजना अधिकारी, शिलाई के कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं।

