Kangra News: सास-दामाद का चिट्टे का खेल बेनकाब, घर में छापा मार पुलिस ने 11 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा

कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नूरपुर पुलिस ने डमटाल थाना क्षेत्र के गांव छन्नी में एक घर पर छापेमारी कर सास और उसके दामाद को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 11 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, डमटाल थाना की टीम इलाके में गश्त और नशा विरोधी अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव छन्नी में रहने वाली एक महिला अपने दामाद के साथ मिलकर घर से ही चिट्टा बेचने का अवैध कारोबार कर रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तुरंत कार्रवाई की।
पुलिस टीम गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में रखी एक प्लास्टिक ट्रे से काले रंग का लिफाफा बरामद हुआ। उसमें मिले संदिग्ध पाउडर की मौके पर जांच की गई, जिसमें उसके हेरोइन होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इसकी मात्रा 11 ग्राम पाई गई। इसके बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय पिंकी निवासी गांव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा और उसके 26 वर्षीय दामाद आकाशदीप निवासी महताबपुर, तहसील मुकेरियां, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। अब जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


