खुशखबरी! पुलिस भर्ती में होमगार्ड जवानों को बड़ी राहत, आयु सीमा 33 साल हुई

शिमला: हिमाचल प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे होमगार्ड जवानों के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब पुलिस भर्ती में होमगार्ड जवान अधिकतम 33 वर्ष की आयु तक आवेदन कर सकेंगे। पहले यह सीमा 28 वर्ष थी।
सरकार के इस फैसले से होमगार्ड जवानों को आयु सीमा में पांच वर्ष की अतिरिक्त छूट मिलेगी। लंबे समय से पुलिस विभाग में भर्ती नहीं होने के कारण कई होमगार्ड जवान उम्र की तय सीमा पार कर रहे थे। ऐसे जवानों को अब पुलिस भर्ती में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। सरकार का उद्देश्य उन होमगार्ड जवानों को राहत देना है, जो लंबे समय से पुलिस विभाग में भर्ती का इंतजार कर रहे हैं।


इस फैसले से प्रदेश के बड़ी संख्या में होमगार्ड जवानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। अब वे अपनी उम्र के कारण पुलिस भर्ती के अवसर से वंचित नहीं होंगे और निर्धारित भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
शिमला के विधायक हरीश जनारथा ने सरकार के इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि आयु सीमा बढ़ने से पुलिस विभाग में जाने की तैयारी कर रहे होमगार्ड जवानों को नया अवसर मिलेगा।

सरकार के इस फैसले को होमगार्ड जवानों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। इससे लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे जवानों में उम्मीद बढ़ी है।

