सिरमौर में बड़ा हादसा ! श+व लेकर गांव लौट रही बोलेरो खाई में गिरी, 4 की मौ+त और 9 घायल

सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गतलोग के पास एक बोलेरो कैंपर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत नौ लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, चिनाड़ गांव निवासी सुनील शर्मा अपने ताऊ जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ने के बाद संगड़ाह अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने जांच के बाद जगदीश शर्मा को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को गांव अरलू ले जाने के लिए बोलेरो कैंपर किराये पर लेकर रवाना हुए।
रास्ते में अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार और गांव के कुछ अन्य लोग भी वाहन में सवार हो गए। रात करीब 12:45 बजे गतलोग के पास चालक कपिल देव वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बोलेरो सड़क से नीचे खाई में जा गिरी और कई पलटियां खाईं।


हादसे में राजेंद्र (37), देस राज (23), रिखी राम (58) और राम गोपाल (62) की मौत हो गई। सभी मृतक अरलू और चिनाड़ गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
दुर्घटना में बृज मोहन, कृपा राम, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप, कमलेन्द्र और चालक कपिल देव घायल हुए हैं। इनमें कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को गंभीर चोटें आने पर नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज संगड़ाह अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने चारों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संगड़ाह पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

