पांवटा साहिब: गुरु नानक मिशन स्कूल की बास्केटबॉल बॉयज टीम ने सीबीएसई क्लस्टर टूर्नामेंट में जीता कांस्य पदक

पांवटा साहिब: गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने बास्केटबॉल में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। टीम ने सीबीएसई क्लस्टर-16 बास्केटबॉल बॉयज टूर्नामेंट में द्वितीय रनर-अप रहते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
यह प्रतियोगिता 6 से 9 अगस्त 2026 तक हरियाणा के भूना स्थित नव शारदा पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई। टूर्नामेंट में अलग-अलग क्षेत्रों के 74 विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
टीम की इस सफलता में कोच गुरनाम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण से खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में आत्मविश्वास के साथ मुकाबला किया।


प्रतियोगिता में स्कूल की ओर से गौरव ठाकुर, आकाश, तेजवीर सिंह, रोनिक तोमर, भूपेंद्र कुमार, इशांत बोहरा, ज़िशान अली और लक्ष्य गुप्ता ने भाग लिया और टीम को पदक तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
स्कूल के डायरेक्टर गुरजीत सिंह सैनी और प्रधानाचार्या गुरविंदर कौर चावला ने खिलाड़ियों तथा कोच गुरनाम सिंह को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणादायक है।

विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।


