हिमाचल के कांग्रेसी नेता की कार पर गिरी पहाड़ से चट्टान, मौके पर मौ##त: पत्नी और बेटा गंभीर….

सोलन: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। सोलन जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिल बक्शी की मौत हो गई। उनकी कार पर अचानक पहाड़ी से भारी चट्टान गिर गई। हादसे में उनकी पत्नी और बेटा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यह दुर्घटना NH-205 शिमला-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर भराड़ीघाट के दसेरन के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, अनिल बक्शी अपनी पत्नी और बेटे के साथ कार से शिमला से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक बड़ी चट्टान सड़क पर आ गिरी और सीधे उनकी कार पर जा गिरी।
चट्टान की चपेट में आने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।


कार को चट्टान के नीचे से निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चट्टान को हटाया गया और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में 63 वर्षीय अनिल बक्शी की मौत हो गई।
घायलों की पहचान अनिल बक्शी की पत्नी 58 वर्षीय बिजेश्वरी बक्शी और 27 वर्षीय बेटे करण बक्शी के रूप में हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए दाड़लाघाट अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को IGMC शिमला रेफर कर दिया।

सोलन के पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि दसेरन के पास भूस्खलन के कारण पहाड़ी से बड़ा पत्थर कार पर गिरा। वाहन में पति-पत्नी और उनका बेटा सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। चट्टान हटाने और राहत कार्य के कारण कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही।
गौरतलब है कि NH-205 पर इन दिनों फोरलेन निर्माण का काम चल रहा है। निर्माण के दौरान कई स्थानों पर पहाड़ियों से पत्थर गिरने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आती रही हैं। इस हादसे के बाद एक बार फिर पहाड़ी कटिंग और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
