मंडी में दर्दनाक हादसा: पानी पीने के लिए रुका परिवार, पहाड़ी से गिरी चट्टान! महिला की मौ*त, 7 घायल

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जोगिंद्रनगर उपमंडल के गुम्मा क्षेत्र में कुल्लू से मां सिमसा मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे एक श्रद्धालु परिवार पर अचानक पहाड़ी से बड़ी चट्टान गिर गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के सात अन्य सदस्य घायल हो गए।
मृतक महिला की पहचान रामेश्वरी शर्मा, पत्नी गोपालकृष्ण, निवासी सुलतानपुर (कुल्लू) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सुरक्षित निकालने में मदद की।
जानकारी के अनुसार परिवार दो वाहनों में सवार होकर मां सिमसा मंदिर के दर्शन के लिए निकला था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गुम्मा क्षेत्र के पास सभी लोग सड़क किनारे पानी पीने के लिए रुके। इसी दौरान ऊपर पहाड़ी से अचानक एक भारी चट्टान नीचे आ गिरी। चट्टान की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

बरसात के मौसम में हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बारिश से पहाड़ कमजोर हो जाते हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बढ़ जाता है।


